रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी ) ने ‘झारखंड इंटरमीडिएट स्तर (कंप्यूटर ज्ञान एवं हिंदी टंकण अर्हता धारक पद) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023’ को रद्द कर दिया है.
कर्मचारी चयन आयोग ने कार्मिक विभाग से मिले पत्र के आलोक में सोमवार को परीक्षा रद्द करने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी.
कुल 864 पदों (863 नियमित और 1 बैकलॉग) पर नियुक्ति के लिए राज्य के लाखों अभ्यर्थी पिछले तीन सालों से परीक्षा का इंतजार कर रहे थे. इस भर्ती के लिए तीन बार आवेदन निकाले जा चुके हैं.
आयोग ने अपने पूर्व परीक्षा कैलेंडर में यह परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित करने की घोषणा की थी.
इन पदों पर होनी थी सीधी नियुक्ति
इस प्रतियोगिता परीक्षा के जरिए राज्य के विभिन्न विभागों में निम्नवर्गीय लिपिक लॉअर डिवीजन क्लर्क (LDC), कार्यालय सहायक सह लेखापाल, लेखा लिपिक, लेखापाल सह कंप्यूटर ऑपरेटर और स्टेनोग्राफर/निजी सहायक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर बहाली की जानी थी. परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है.
तीन बार निकाले गए आवेदन
आयोग ने इस भर्ती के लिए सबसे पहले अक्टूबर 2023 में विज्ञापन संख्या 15/2023 (नियमित) और 16/2023 (बैकलॉग) जारी किया था.
हालांकि, नवंबर 2023 में ही आवेदन प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया. इसके बाद वर्ष 2024 में संशोधित विज्ञापन के तहत 11 जुलाई से 10 अगस्त 2024 तक पुनः आवेदन मांगे गए थे. तीन बार आवेदन प्रक्रिया के दौर से गुजरने के बावजूद परीक्षा आयोजित नहीं कराई जा सकी और आखिरकार इसे पूरी तरह रद्द कर दिया गया.
