सरायकेलाः जमशेदपुर- रांची एनएच पर चांडिल के टेंथ माइल स्टोन होटल में बीते दिनों निखार सबलोक की हत्या के मामले का पुलिस ने छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस की संयुक्त विशेष अनुसंधान टीम (एसआइटी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के दो शूटरों, सोनारी के कारोबारी अशोक सिंह राघव समेत कुल छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त दो देसी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फोन और भागने में इस्तेमाल की गयी लाल रंग की आई-10 कार जब्त की गयी है
जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि जमीन और पुराने विवाद को लेकर निखार सबलोक की हत्या की गई थी.
गिरफ्तार अपराधियों में मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव, सुनील रजक, रितेश सिंह, अंकित सिंह, सुशील और राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस शामिल हैं.
पुलिस अधिकारी ने बताया हत्या के लिए करीब पंद्रह लाख रुपये की सुपारी दी गई थी.
पुलिस जांच में सामने आया कि शूटर अंकित सिंह को हत्या को अंजाम देने के लिए उत्तर प्रदेश से बुलाया गया था. इस मामले में पुलिस ने एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है.
सफेदपोश लोगों के नाम भी सामने आए
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान कई सफेदपोश लोगों के नाम भी सामने आए हैं. फिलहाल पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पुलिस का कहना है कि हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, मामले में जल्द ही कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है.
गौरतलब है कि 24 अगस्त को सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में कांडरबेड़ा के पास टेंथ माइल स्टोन होटल से निकलते समय निखार सबलोक की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
