रांचीः झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर दो दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया है.
मंत्रिमंडल एवं समन्वय विभाग ने इसे लेकर आदेश जारी किया है। साथ ही सभी विभागीय सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त और जिलों के उपायुक्तों को पत्र भेजा है.
राजकीय शोक के दौरान जिन भवनों नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाते हैं, वहां राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे.
इस दौरान सात सितंबर को राज्य सरकार के सभी कार्यालय, स्कूल आदि बंद रहेंगे। छह एवं सात सितंबर को कोई राजकीय समारोह आयोजित नहीं होगा.
सुदिव्य कुमार की अंत्येष्टि रविवार छह सितंबर को अपराह्न साढ़े तीन बजे गिरिडीह के उसरी नदी स्थित हरसिंहरायडीह श्मशान घाट में की जाएगी.
राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी.
शनिवार की देर रात मंत्री सुदिव्य कुमार का हार्ट अटैक से 57 साल की उम्र में निधन हो गया है. वे गिरिडीह से झामुमो के विधायक थे. सरकार में पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य विभाग के साथ नगर विकास और उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभल रहे थे.
जेएमएम का झंडा भी झुका
सुदिव्य कुमार के सम्मान में जेएमएम ने अपने कैंप ऑफिस में पार्टी का झंडा झुका दिया है. इसके अलावा पार्टी ने अपने सारे प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिया है. सुदिव्य कुमार के गृह क्षेत्र गिरिडीह में उनका दाह संस्कार होगा. पार्टी के कई नेता उन्हें श्रद्धांजलि देने गिरिडीह पहुंचे हैं.
पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुदिव्य कुमार ने पार्टी के सभी जिला अध्यक्ष, जिला सचिव, जिला संयोजक प्रमुख, महानगर अध्यक्ष एवं महानगर संयोजकों से कहा है कि शोक के इस कठिन समय में पार्टी के सभी स्तर के नेता एवं कार्यकर्त्ता मर्माहत एवं शोक संतप्त हैं . अतः आप सभी को निर्देश दिया जाता है की आगामी कल दिनांक 07 सितम्बर 2026 को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालय पर होने वाले एक दिवसीय धरना प्रदर्शन को अगले आदेश तक के लिए स्थगित किया जाता है .
