जदयू नेता बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) समान नागरिक संहिता (यूसीसी) बिल का अध्ययन करेगी और अगर इसके प्रावधानों में कोई आपत्ति वाली बात नहीं हुई तो पार्टी बिना किसी वजह इसका विरोध नहीं करेगी.
विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) बिल के प्रावधान अभी सार्वजनिक नहीं हुए हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ जनता दल यूनाटेड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बात कही.
उनसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान को लेकर पैदा हुए राजनीतिक घटनाक्रम पर सवाल पूछा गया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि 2029 तक एनडीए शासित 22 राज्यों में यूसीसी लागू कर दिया जाएगा.
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष चौधरी ने जनता दल (यूनाइटेड) को मुख्य विपक्षी दल आरजेडी के कड़े रुख़ से अलग करते हुए कहा कि पार्टी का रुख़ आरजेडी जैसा नहीं है.
आरजेडी ने बिहार में यूसीसी लागू होने से रोकने का संकल्प लिया है और उसका कहना है कि यह “मुसलमानों के हितों के ख़िलाफ़ है.”
केंद्रीय गृह मंत्री ने दावा किया है कि 2029 से पहले बीजेपी और उसके सहयोगियों के शासित सभी 21 राज्यों में यूसीसी लागू कर दिया जाएगा.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 2029 से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किए जाने के बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सोमवार को कहा था कि वह इस मुद्दे पर जल्द ही शाह से मुलाकात करेंगे और फिर उनकी पार्टी अपना रुख तय करेगी.
