बिहार में बाढ़ से बड़ी आबादी के प्रभावित होने और जान-माल की क्षति पर कांग्रेस नेता तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संवेदना जाहिर की है. इसके साथ ही उन्होंने बिहार में कांग्रेस वर्करों से बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की भी अपील की है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद प्रियंका गांधी ने भी बिहार में बाढ़ को लेकर चिंता जताई है. मंगलवार को उन्होंने अलग अलग एक्स पर पोस्ट कर के बाढ़ में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है.
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘बिहार में आई विनाशकारी बाढ़ से हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी सहानुभूति है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील है कि वो आगे बढ़कर प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें. साथ ही, सरकार और प्रशासन से अपेक्षा है कि वो राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तत्परता के साथ चलाकर प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता जल्द से जल्द पहुंचाएं.”
प्रियंका और खरगे ने क्या कहा
मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा, ‘बिहार में बाढ़ से हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। 15 जिलों में क़रीब 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और हजारों गाँवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है. संकट की इस घड़ी में सरकार की प्राथमिकता हर प्रभावित परिवार तक राहत और सहायता पहुँचाने की होनी चाहिए. सरकार और प्रशासन राहत, बचाव, चिकित्सा सहायता और पुनर्वास कार्यों में कोई कसर न छोड़ें तथा प्रभावित परिवारों तक सहायता अविलंब पहुँचाएँ. कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं से अपील है कि वे प्रभावित क्षेत्रों में आगे बढ़कर लोगों की हर संभव मदद करें। पूरा देश इस कठिन समय में बिहार के साथ खड़ा है.’
प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर लिखा, ‘बिहार में भयानक बाढ़ की वजह से हुई तबाही का समाचार अत्यंत दुखद है. प्रदेश के लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. बड़ी संख्या में जन-धन की हानि हुई ह.। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें. पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. सरकार से मेरी अपील है कि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द मदद पहुंच सके. कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि प्रभावित लोगों की यथासंभव मदद करें. पूरा देश आपदा में प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है. ‘
