धनबादः कोयला नगरी धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में कुख्यात शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू गोली लगने से घायल हो गया है. धनबाद पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया है.
पुलिस का दावा है कि जमशेदपुर में हाल ही में हुए व्यवसायी निखार सबलोक हत्याकांड के साथ धनबाद के डिप्टी मेयर रहे नीरज सिंह हत्याकांड में शिबू वाटेंड रहा है.
मुठभेड़ की यह घटना बुधवार की शाम धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी मोड़ स्थित आनंद वाटिका हाउसिंग सोसाइटी में हुई.
पुलिस के अनुसार, सागर सिंह अपने अन्य सहयोगियों के साथ धनबाद क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से निरसा में इकट्ठा हुआ था. इस बात की भनक मिलते ही धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर मौके पर छापेमारी के लिए भेजा गया था.
पुलिस को देखते ही शूटर ने गोली चला दी, जिसके बाद मुठभेड़ की स्थिति बनी. फिलहाल पुलिस सागर सिंह के फरार साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस ने मौके से सागर सिंह के दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है. उनके पास से हथियार व अन्य सामान बरामद किये जाने की बात कही जा रही है.
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. उनके धनबाद आने का उद्देश्य व किसी अन्य वारदात से उनके कनेक्शन की जानकारी जुटा रही है.
मकान सील, एफएसएल की टीम
मुठभेड़ के बाद पूरे आनंद वाटिका परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गाया है. जिस मकान में सागर छिपा था उसे सील कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम बुलायी गई है. पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
