रांचीः कोलकाता स्थित ऑस्ट्रेलियाई कॉन्सल-जनरल बर्नार्ड लिंच ने बुधवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की.
इस मुलाकात के दौरान झारखंड तथा ऑस्ट्रेलिया के बीच साझेदारी को और मजबूत करने के लिए सार्थक बातचीत हुई.
हेमंत सोरेन ने कहा, “सार्थक बातचीत से खुशी हुई. हमारी बातचीत में आपसी हित और सहयोग की बड़ी संभावनाओं वाले कई क्षेत्रों पर चर्चा हुई, जिनमें कौशल और तकनीकी शिक्षा, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन, खनिज, खेल, पर्यटन, और हमारे दोनों क्षेत्रों की समृद्ध आदिवासी संस्कृतियां और ज्ञान प्रणालियां शामिल हैं.”
उन्होंने कहा, प्राकृतिक संसाधनों, मानव संसाधन और आदिवासी विरासत के मामले में झारखंड की खूबियां, ऑस्ट्रेलिया की विशेषज्ञता, संस्थानों और उद्योग के साथ सार्थक जुड़ाव के कई अवसर देती हैं.हम इस बातचीत को आगे बढ़ाने और आने वाले समय में झारखंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच एक मजबूत, स्थायी और आपसी फायदे वाली साझेदारी को और आगे ले जाने के लिए उत्सुक हैं.
मौके पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ अनुसंधान एवं भ्रमण अधिकारी, ऑस्ट्रेलियन काउंसेलट जनरल कोलकाता एंजेलीना नायर उपस्थित रहे.
लोकभवन में राज्यपाल से मिले
महादूतावास ने लोकभवन में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से भी औपचारिक शिष्टाचार भेंट की.
इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान राज्यपाल गंगवार और काउंसुल जनरल लिंच के बीच भारत और ऑस्ट्रेलिया के मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तृत चर्चा हुई. दोनों दिग्गजों ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ते पारस्परिक सहयोग से झारखंड जैसे उभरते राज्य को सीधा लाभ मिलेगा और नए वैश्विक अवसर पैदा होंगे.
पर्यटन, शिक्षा और कौशल विकास पर
वार्ता के दौरान झारखंड में शिक्षा, कौशल विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्रों में नई संभावनाएं तलाशने पर गहन विचार-विमर्श किया गया. बैठक में यह बात प्रमुखता से सामने आई कि ऑस्ट्रेलिया की तकनीकी विशेषज्ञता और झारखंड की युवा क्षमता मिलकर राज्य में कौशल विकास को नई दिशा दे सकती है. इसके अलावा, दोनों क्षेत्रों के बीच शैक्षणिक और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने की रणनीतियों पर भी सहमति जताई गई.
