सीबीआई ने दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल के भोजूडीह (बोकारो) में कार्यरत मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है.
एक पीड़ित की शिकायत पर केंद्रीय जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई की है.
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई ने 15 सितंबर को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था.
आरोप है कि मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से बीमारी की छुट्टी मंजूर करने के बदले में 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी.
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से अधिकारी को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की पहली किश्त स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.
सीबीआई ने बताया है कि गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी लोक सेवक के कार्यालय और उसके आवासीय परिसरों की तलाशी ली. आरोपी अधिकारी को धनबाद स्थित सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा. सीबीआई द्वारा इस मामले में आगे की जांच जारी है.
