पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रहे विवाद के बीच ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुट को चुनाव आयोग ने नया नाम और पार्टी के लिए नया सिंबल दिया है.
अब ममता बनर्जी के गुट का नाम ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ होगा. चुनाव आयोग ने ममता बनर्जी की पार्टी का सिंबल ‘फुटबॉल प्लेयर’ दिया है.
जबकि अरूप रॉय के नेतृत्व वाले धड़े को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम दिया गया है और इस पार्टी का सिंबल ‘एनवेलप’ होगा.
वहीं समाचार एजेंसी एएनआई ने चुनाव आयोग के आदेश की कॉपी एक्स पर साझा की है.
समाचार एजेंसी भाषा की एक खबर के मुताबिक निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में छह अक्टूबर को होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी नीत खेमे को ‘फुटबॉल खिलाड़ी’, जबकि अरूप रॉय के नेतृत्व वाले गुट को ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है.
इन दोनों ही धड़ों को पश्चिम बंगाल, मेघालय और त्रिपुरा की मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल का दर्जा दिया गया है.
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने गुरुवार को जारी एक अंतरिम आदेश में पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनावों में ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस का नाम और चुनाव चिह्न इस्तेमाल करने से दोनों गुटों पर रोक लगा दी थी.
बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी में बगावत हो गई थी. इसके बाद दोनों गुटों ने पार्टी को लेकर अपना दावा किया.
मामला चुनाव आयोग तक पहुंच गया. इसके बाद आयोग ने टीएमसी के नाम और चिन्ह को फ्रीज कर दिया था. अब इलेक्शन कमीशन ने दोनों गुटों को नए नाम और लोगो दे दिए हैं, लेकिन यह अंतरिम आदेश है.
