रांचीः भाजपा नेता और पूर्व मंत्री विमला प्रधान का निधन हो गया है. शुक्रवार की रात करीब 8.40 बजे रांची स्थित सैमफोर्ड अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस लीं.
वे लंबे समय से स्वास्थ्य की समस्याओं से जूझ रही थीं. गुरुवार की रात उन्हें सैमफोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया. लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका.
विमला प्रधान आदिवासियों के लिए सुरक्षित सिमडेगा से दो बार भाजपा की विधायक रहीं. गोंड जाति के उत्थान के लिए उन्होंने कई कार्य किए. सहज, सरल और अनुशासतिक स्वभाव की विमला प्रधान ने सार्वजनिक जीवन में खासी लोकप्रियता हासिल की. वर्ष 2017 में उन्हें झारखंड विधानसभा से उत्कृष्ट विधायक सम्मान से भी नवाजा गया.
उनके निधन पर सिमडेगा के साथ ही पार्टी में शोक है. प्रदेश बीजेपी कार्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई.
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है.
सीएम हेमंत सोरेन ने एक्स पर कहा है, “झारखंड की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आदरणीय श्रीमती विमला प्रधान जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ा देने वाला है. उनका निधन राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है. सार्वजनिक जीवन में स्व विमला जी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा.
