शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का के बेटे विंसेंट एक्का को कृषि कार्य के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर उपलब्ध कराए गए ट्रैक्टर को एजेंसी के द्वारा वापस लिए जाने की खबर का संज्ञान लेते हुए सरकार ने उन्हें फिर से चाबी सौंप दी है.
इसके साथ ही ट्रैक्टर खींच लेने वाली एजेंसी को शोकॉज किया है.
शनिवार को रांची में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विंसेंट एक्का को ट्रैक्टर की चाबी फिर सौंप दी.
मंत्री ने कहा है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर उपलब्ध कराए गए इस ट्रैक्टर को वापस लिए जाने की जानकारी मिलते ही तत्काल विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली। संबंधित एजेंसी को शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश भी दिया गया है.
शहीद अलबर्ट एक्का जी केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं. शहीद परिवारों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है.
इस दौरान विंसेंट एक्का ने अधिकारियों के व्यवहार को लेकर अपनी आपत्ति मंत्री के समक्ष रखी और उचित कार्रवाई की मांग की. मंत्री ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहीद परिवारों से जुड़े मामलों में सम्मान, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्य किया जाए.
एजेंसी ने खींच ली थी गाड़ी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर शहीद अलबर्ट एक्का के पुत्र विंसेंट एक्का को कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत दिसंबर 2024 में 9.25 लाख रुपये का ट्रैक्टर और रोटावेटर उपलब्ध कराया गया था.
इसमें 50 प्रतिशत राशि सरकारी अनुदान और शेष 50 प्रतिशत राशि लाभुक के हिस्से की थी. ट्रैक्टर लेते समय विंसेंट एक्का ने अपने हिस्से की राशि देने में असमर्थता जतायी थी.
इसके बाद गुमला के उपायुक्त ने लाभुक के हिस्से की राशि उपायुक्त फंड से देने का आश्वासन दिया था. हालांकि, महीनों बीतने के बाद भी कंपनी को भुगतान नहीं हो सका.
कंपनी प्रतिनिधि की ओर से भुगतान के लिए कई बार आग्रह किये जाने के बाद भी राशि नहीं मिली. इसके बाद 30 अगस्त को भूमि संरक्षण विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में कंपनी ने ट्रैक्टर वापस ले लिया.
