रांचीः रांची के रिहायशी इलाके अशोक नगर स्थित रोड नंबर एक में रास्ता विवाद को लेकर शांति भंग होने की संभावना के मद्देनजर रांची के एसडीओ ने दोनों पक्षों को नोटिस भेजा है.
इसमें प्रथम पक्ष सैयद शारीफ इब्राहिम हैं. सैयद रांची में पत्रकार हैं. दूसरा पक्ष आलोक प्रियदर्शी हैं, जो रेल डीआईजी हैं और झारखंड में कई जिलों में एसपी रह चुके हैं.
नोटिस में एसडीओ ने दोनों पक्षों को बताया है कि अंचल अधिकारी अरगोड़ा के द्वारा तीन अक्टूबर को समर्पित प्रतिवेदन के आधार पर विवादित भूमि पर धारा 166 के तहत कार्यवाही प्रारंभ की गई है.
नोटिस के जरिए दोनों पक्षों को 13 अक्टूबर को स्वंय अथवा वकील के माध्यम से उपस्थित होकर पक्ष रखने एवं साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया है.
यह विवाद अशोक नंबर रोड नंबर एक में वाहन खड़ा कर प्रवेश द्वार अवरूद्ध करने और विवादित स्थल पर बाउंड्री वाल खड़े किए जाने को लेकर है.
गौरतलब है कि पूर्व में पत्रकार सैयद शारीफ ने आरोप लगाया है कि पुलिस अधिकारी आलोक प्रियदर्शी अशोक नगर स्थित अपने आवास के पास सरकारी गाड़ी खड़ी करके आम रास्ता बंद कर रहे हैं, जिससे उनलोगों को आने- जाने में परेशानी हो रही है.
पीड़ित परिवार का दावा है कि वे पिछले 50 वर्षों से वहां रह रहे हैं और नक्शे के मुताबिक वहां 40 फीट का चौड़ा रास्ता दर्ज है, जिसका उपयोग कई परिवार करते हैं.
