बोकारो– बोकारो जिले के चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के सियालजोड़ी थाना अंतर्गत वेदांता इलेक्ट्रो स्टील प्लांट परिसर में रविवार सुबह गैस के संपर्क में आने से दो कर्मियों की मौत हो गई. इनमें से एक प्लांट के इंजीनियर थे.
कंपनी ने बयान जारी कर बताया है कि प्लांट परिसर में गैस के संपर्क में आने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें कंपनी के एक एग्जीक्यूटिव और बिजनेस पार्टनर के एक इंजीनियर की मौत हो गई. दोनों को प्रारंभिक जांच के बाद अस्पताल ले जाया गया था.
जानकारी के अनुसार, दोनों ब्लास्ट फर्नेस-1 में ड्यूटी कर रहे थे. गैस के संपर्क में आने से दोनों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें नजदीकी हिल कैंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी सोहन महतो और धनबाद निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है.
ड्यूटी के दौरान वे प्लांट परिसर में गैस के संपर्क में आ गए, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई.
घटना की सूचना मिलने पर सियालजोड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी है.
घटना की जांच के लिए श्रम विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं. हादसे के कारणों और परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.
कंपनी ने दोनों के निधन पर शोक जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
प्रबंधन के अनुसार, इस कठिन समय में दोनों परिवारों को हर संभव सहायता और सहयोग दिया जा रहा है.
कंपनी ने घटना की स्वतंत्र जांच कराने और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कदम उठाने की बात कही है.
