ईचागढ़ः हरेलाल महतो रविवार को अपने समर्थकों के साथ बीजेपी में शामिल हो गए हैं.
ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के भादूडीह चांडिल मैदान में आयोजित इस मिलन समारोह सह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में प्रदेश बीजेपी के कई बड़े नेताओं का जुटान हुआ. समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भी भारी भीड़ जुटी.
इसके साथ ही ईचागढ़ की सियासी हवा बदलने लगी है. हाल ही में हरेलाल महतो ने आजसू पार्टी से इस्तीफा दिया है.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने हरेलाल को पार्टी की सदस्यता दिलायी. आजसू से इस्तीफा देने वाले रविशंकर मौर्या ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है.
बड़े नेताओं का जुटान
हरेलाल महतो को बीजेपी में शामिल कराने के लिए रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो, पूर्व मंत्री अमर बाउरी, दिनेशानंद गोस्वामी, सरीखे नेता ईचागढ़ पहुंचे थे.
इस मौके पर भाजपा के नेताओं ने कहा कि हरेलाल महतो के पार्टी में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी. भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार की नीतियों और कामकाज की तीखी आलोचना करते हुए राज्य में राजनीतिक बदलाव की जरूरत बतायी. नेताओं ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस की सरकार झारखंड का कभी भला नहीं कर सकती.

आशीर्वाद और समर्थन मांगा
हरेलाल महतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने की बात कही. ईचागढ़ की जनता से समर्थन और आशीर्वाद मांगा.
गौरतलब है कि हरेलाल महतो सरायकेला-खरसांवा में आजसू पार्टी के बड़ा चेहरा थे. कुर्मियों के बीच भी उनकी पकड़ रही है.
अब उनके बीजेपी में शामिल होने से सरायकेला-खरसावां के अलावा पूर्वी सिंहभूम की राजनीति में प्रभाव पड़ सकता है.
गौरतलब है कि हरेलाल महतो ने 26 सितंबर को पार्टी से इस्तीफा दिया था. हालांकि पार्टी छोड़ने और बीजेपी में शामिल होने के लिए उनकी खिचड़ी की हांडी बीजेपी के चूल्हे पर पहले से चढ़ी थी.
हरेलाल महतो के साथ ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से आजसू के कई नेताओं और प्रखंड अध्यक्षों ने भी इस्तीफा दे दिया है, जो अब बीजेपी में शामिल हो गए हैं. ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र रांची लोकसभा का हिस्सा है.

रांची के सांसद संजय सेठ से हरेलाल की नजदीकी पहले से रही है. लोकसभा चुनाव में वे बीजेपी के लिए काम भी करते रहे हैं.
इससे पहले पांच अक्टूबर को हरेलाल महतो रांची स्थित बीजेपी के कार्यालय में आए थे.
यहां उन्होंने पार्टी के झारखंड प्रभारी गजेंद्र पटेल, सह प्रभारी सौरभ सिंह निवेदिता सिंह एवं प्रदेश के प्रमुख नेताओं से शिष्टाचार मुलाकात की थी.
हरेलाल का बीजेपी में शामिल होने से सरायकेला-खरसावां में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
ईचागढ़ में सत्तारूढ़ झामुमो का दबदबा रहा है. 2019 और 2024 में झामुमो की सविता महतो ने आजसू के टिकट से लड़े हरेलाल महतो को हराया है. हालांकि, इस सीट पर बीजेपी भी कई दफा जीती है. अब हरेलाल के बीजेपी में आने से नए समीकरण बन सकते हैं.
अब इस विधानसभा क्षेत्र में हरेलाल की नयी राजनीतिक भूमिका और पार्टी की आगे की रणनीति पर लोगों की नजरें टिकी हैं. साथ ही अभी से 2029 के चुनाव को लेकर अटकलों का दौर शुरू है.
