रामगढ़ः रामगढ़-रांची फोरलेन पर स्थित चुटूपालू घाटी में सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है.
फोरलेन पर तेज रफ्तार से जाते एक कंटेनर का ब्रेक फेल होने के बाद एक कार को अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया. जिससे कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गये. कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.
कार से निकालकर सभी पांच लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया.
रामगढ़ थाना केसब-इंस्पेक्टर सुमंत कुमार राय ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम घटना स्थल पर पहुंची और क्रेन मंगाकर कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए प्रयास शरू किया.
कार में सभी पांच लोग बुरी तरह दबे हुए थे। पुलिस को उन्हें निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
जानकारी के अनुसार कार पर सवार हजारीबाग जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. जान गंवाने वाले तीनों लोगों में एक महिला, एक पुरुष और एक वृद्ध व्यक्ति शामिल हैं.
