ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रज मोहन राम के प्रभार लेने से पहले एक बयान के लेकर विवाद खड़ा हो गया है. ब्रज मोहन राम के बयान पर कांग्रेस और बीजद ने उन्हें घेरा है. साथ ही उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं.
ब्रज मोहन राम ने कहा कि वे ओडिशा में भी बीजेपी के अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चे को और सक्रिय करने और पार्टी को ज्यादा वोट दिलाने की कोशिश करेंगे.
एक बयान में ब्रज मोहन राम ने कहा कि मैं झारखंड में एससी मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभाई थी. मोर्चा को बढ़ाने और आगे करने में हमारा बहुत सहयोग रहा है. उन्होंने कहा कि हम वहां भी वोट जोड़ेगे. ओडिशा में भी मोर्चा को सक्रिय कर बीजेपी के पक्ष में वोट कैसे आए इस पर चिंता करेंगे.
कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इस बयान की आलोचना करते हुए एक्स पर कहा है, “ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल, भाजपा के ब्रज मोहन राम ने खुलेआम घोषणा की है कि वे ओडिशा में भाजपा के लिए ज़्यादा वोट और चुनावी जीत हासिल करने के लिए काम करेंगे. उन्होंने अपना इरादा साफ़ कर दिया है – उनके लिए पार्टी, जनता, संविधान और देश से भी ऊपर है.”
ब्रज मोहन राम के बयान पर बीजेडी के राज्यसभा सदस्य संतृप्त मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तंज कसते हुए कहा कि राज्यपाल की प्राथमिकताएं क्या हैं. संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति उनका झुकाव जो भी हो, अपने राजनीतिक नजरिए को लेकर स्पष्टता वाकई काबिले-तारीफ है.
सुप्नीम कोर्ट के अधिवक्ता और एक्टिविस्ट प्रशांत भूषण ने एक्स पर कहा है, “नवनियुक्त ओडिशा के गवर्नर ब्रज मोहन खुलेआम कहते हैं कि वह बीजेपी के लिए काम करेंगे। मोदी/शाह के शासन में गवर्नरों की तटस्थता का दिखावा भी खत्म हो गया है.”
झारखंड में पलामू के पूर्व सांसद हैं
विवाद बढ़ने पर ब्रज मोहन राम ने सफाई देते हुए कहा है कि अभी उन्होंने भाजपा से त्यागपत्र नहीं दिया है. ऐसे में पार्टी कार्यकर्ता की भावनाओं के हिसाब से यह बात कही. साथ ही कहा कि राज्यपाल किसी पार्टी के नहीं होते, यह पद संवैधानिक है और इसकी मर्यादा का पूरा पालन होगा.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति की है. इनमें ब्रज मोहन राम का भी नाम शामिल है. राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. हालांकि ये नियुक्तियां योगदान के बाद प्रभावी होंगी.
झारखंड में पलामू सीट से ब्रजमोहन राम सांसद रहे हैं. प्रदेश में बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
