रांचीः झारखंड विधानसभा की उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की बैठक में मझगांव (पश्चिम सिंहभूम) से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक चुना गया है. निरल पूर्ति मझगांव से चार बार के विधायक हैं. 22 नवंबर को झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह के मौके पर ‘बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान’ से उन्हें सम्मानित किया जाएगा.
झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह के मौके पर हर साल एक विधायक को उत्कृष्ट विधायक के तौर पर सम्मानित किया जाता है.
उत्कृष्ट विधायक के चयन के लिए शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) रबींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक हुई. इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत समिति के अन्य सदस्य शामिल हुए. सर्वसम्मति और निर्धारित मापदंडों के आधार पर विचार-विमर्श के बाद निरल पूर्ति के नाम पर समिति ने सहमति प्रदान की.
निरल पूर्ति वर्ष 2005, 2014, 2019 और 2024 में विधायक निर्वाचित हुए हैं.. विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर 22 नवंबर 2026 को राज्यपाल उन्हें सम्मानित करेंगे.
बैठक में छह विधानसभा कर्मियों को भी उत्कृष्ट विधानसभा कर्मी के रूप में चयनित किया गया. इन्हें स्व. कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. चयनित कर्मियों में उपसचिव किरण सुमन बाखला, उपसचिव सुषमा सिन्हा, प्रशाखा पदाधिकारी रविकांत समीर तिर्की, अधीक्षक मो. अली अहमद, वरीय ट्रेजरी सरकार शिवराज राम और अनुसेवक संजय कुमार मेहता शामिल हैं.
