राँचीः चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है. राजधानी राँची समेत राज्य के कई जिलों में शुक्रवार की सुबह से से बादल छाए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है.
शनिवार सुबह राँची में आसमान घने बादलों से ढका रहा. ठंडी हवा चलने के कारण लोगों को कनकनी महसूस हो रही है. पारा लगातार नीचे गिर रहा है. रूक-रूककर हो रही बारिश से जनजीवन पर सीधा असर पड़ा है. लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं, लेकिन बारिश से मुश्किलें बढ़ी हैं.
मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं, अगले दो दिनों तक राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
शनिवार को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन होने की प्रबल संभावना है. वहीं, 23 नवंबर को मौसम साफ़ होने की संभावना है. 24 और 25 नवंबर की सुबह राजधानी समेत कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है. साथ ही ठंड भी बढ़ सकती है.
चक्रवाती तूफान अकवान के असर से झारखंड में बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. फसलों की कटाई के मौसम में धान और मड़ुआ को नुकसान होता दिख रहा है. सबसे ज्यादा नुकसान तैयार धान की फसल को होने की आशंका है. जिन किसानों ने धान काटकर खेतों में छोड़ दिया था, उनकी फसलें बारिश में भीग रही हैं. वहीं तेज हवा और बारिश से खेतों में खड़ी तैयार धान की फसल के गिरने यानी लॉजिंग का खतरा है.
