प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के कटरा में ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पाकिस्तान अब पाकिस्तान कभी भी ऑपरेशन सिंदूर का नाम सुनेगा, तो उसे अपनी शर्मनाक शिकस्त याद आएगी.
शुक्रवार को जम्मू कश्मीर पहुंचे पीएम मोदी ने चिनाब ब्रिज, अंजनी पुल का उद्घाटन किया. इसके साथ ही उन्होंने कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई.
पीएम मोदी ने कहा, “आज 6 जून है, संयोग से ठीक एक महीने पहले, 6 मई की ही रात पाकिस्तान के आतंकियों पर कयामत बरसी थी। अब पाकिस्तान कभी भी ऑपरेशन सिंदूर का नाम सुनेगा तो उसे अपनी शर्मनाक शिकस्त याद आएगी. पाकिस्तानी फौज और आतंकियों ने कभी नहीं सोचा था कि भारत, पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों पर इस तरह वार करेगा. वर्षों की मेहनत से उन्होंने आतंक की जो इमारतें बनाई थीं, वो कुछ ही मिनटों में खंडहर बन गईं.”
पीएम मोदी ने कटरा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “पाकिस्तान ने पहलगाम में इंसानियत और कश्मीरियत दोनों पर वार किया. उसका इरादा भारत में दंगे कराने का था, कश्मीर के मेहनतकश लोगों की कमाई रोकने का था, इसलिए पाकिस्तान ने टूरिस्ट पर हमला किया.”
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर का नौजवान अब आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने का मन बना चुका है. ये वो आतंकवाद है, जिसने घाटी में स्कूल जलाए, अस्पताल तबाह किए, जिसने कई पीढ़ियों को बर्बाद किया। जनता अपनी पसंद से नुमाइंदे चुन सके, यहां चुनाव हो सके. ये आतंकवाद के चलते बड़ी चुनौती बन गया था।
वादा है कि विकास को रुकने नहीं दूंगा
पीएम मोदी ने कहा कि 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा भी शुरू होने वाली है, ईद की उमंग भी हम चारों तरफ देख रहे हैं. विकास का जो वातावरण जम्मू-कश्मीर में बना था, वो पहलगाम के हमले से हिलने वाला नहीं है. जम्मू-कश्मीर के लोगों से मेरा ये वादा है कि विकास को रुकने नहीं दूंगा. यहां के युवाओं के सपने पूरा करने से कोई भी बाधा अगर रुकावट बनती है तो उस बाधा को पहले मोदी का सामना करना पड़ेगा.
