संगीत नाटक अकादमी द्वारा घोषित प्रतिष्ठित सम्मानों में झारखंड के कलाकारों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है. इनमें बोकारो जिले के चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत संथाल लाघला गांव की प्रतिभाशाली युवा लोक कलाकार बबीता हेम्ब्रम भी शामिल हैं, जिनका चयन प्रतिष्ठित बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार के लिए किया गया है.
यह सम्मान संगीत नाटक अकादमी द्वारा युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है.
संगीता की यह उपलब्धि पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है और समृद्ध लोककला, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक विरासत की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान का प्रमाण है.
बबीता हेम्ब्रम ने अपनी निरंतर साधना और समर्पण के बल पर आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है.
इस उपलब्धि से स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थाओं में खुशी का माहौल है. लोगों का मानना है कि इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी तथा लोककलाओं को नई ऊर्जा मिलेगी.
छऊ केंद्र, चंदनकियारी के समन्वयक डॉ. संजय ने बबीता हेम्ब्रम की प्रतिभा और उनके सांस्कृतिक योगदान को देखते हुए उनके नाम की अनुशंसा की थी. डॉ संजय ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे झारखंड और विशेष रूप से संथाल समुदाय के लिए गौरव का विषय है.
