झारखंड में जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड की रहने वाली दिवाषी हेंब्रम का चयन मलेशिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय राइफल शूटिंग एयरगन प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में हुआ है.
दिवाषी 4 से 7 मई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 14 सदस्यीय भारतीय दल का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी.
दिवाषी की इस उपलब्धि पर जामताड़ा नगर पंचायत की अध्यक्षा आशा गुप्ता के आवासीय कार्यालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया
इस दौरान आशा गुप्ता और जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे ने दिवाषी को पुष्प गुच्छ, माला, अंग वस्त्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया.
स्वर्ण पदक से अंतरराष्ट्रीय टीम तक का सफर
जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे ने बताया कि दिवाषी की यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत का नतीजा है. जनवरी 2026 में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय राइफल शूटिंग एयरगन प्रतियोगिता में दिवाषी ने स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की थी. पिछले चार-पांच महीनों से वे कड़ा प्रशिक्षण ले रही हैं.
