रांचीः वियतनाम में हुए एक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा का शव शनिवार को रांची लाया गया. इससे पहले राजा का शव कोलकाता हवाई अड्डे पर आया, जहां आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रांची जिला प्रशासन ने पार्थिव शरीर को घर तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की.
इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम विभाग द्वारा मृतक के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखण्ड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के अंतर्गत ₹5 लाख की वित्तीय सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी.
राजा वर्मा रांची के कैलाश नगर के रहने वाले थे. वे वियतनाम में योग प्रशिक्षक के तौर पर कार्यरत थे. वहां सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई थी. उनका पार्थिव शरीर वापस लाने के लिए परिजन लगातार सरकार और प्रशासन के पास गुहार लगा रहे थे.
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश एवं श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के सतत प्रयासों के फलस्वरूप वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मृत रांची निवासी राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को भारत वापस लाया गया. राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए विदेश मंत्रालय एवं भारतीय दूतावास से निरंतर समन्वय स्थापित कर पार्थिव शरीर को रांची स्थित उनके पैतृक आवास पहुँचाने की व्यवस्था की गई.
