रांचीः वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के योगा शिक्षक राजा कुमार बंसी का पार्थिव शरीर स्वदेश वापस लाने की मांग को लेकर उनके परिजन मंगलवार को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मिले. परिजनों ने एक आवेदन भी सौंपा.
परिजनों के साथ जय सिंह यादव और वार्ड 29 के पार्षद सुनील यादव भी मौजूद रहे.
मुलाकात के दौरान रांची डीसी ने पीड़ित परिजनों को भरोसा दिलाया कि राजा कुमार बंसी का पार्थिव शरीर रांची लाने के लिए प्रशासन प्रयासरत है.
डीसी ने जानकारी दी है कि सरकार ने इसे संज्ञान में लिया है. सरकार के निर्देश पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
गौरतलब है कि रांची के चूना भट्ठा कैलाश नगर निवासी राजा कुमार बंसी की वियतनाम में बीते 25 सितंबर को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. वे अपने घर के कमाऊ सदस्य थे. उनके निधन की खबर से परिवार के लोग चार दिनों से मर्माहत हैं.
पीड़ित परिवार ने राज्यसभा सांसद महुआ मांझी से मुलाकात कर राजा का पार्थिव शरीर रांची लाने में मदद की गुहार लगायी है. परिजनों के मुताबिक, सांसद ने कागजी प्रक्रिया पूरी कराने और पार्थिव शरीर जल्द रांची लाने के प्रयास का आश्वासन दिया है. परिवार ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से भी मदद के लिए संपर्क किया है.
इस बीच माइग्रेंट सेल झारखंड ने भी विदेश मंत्रालय से राजा का पार्थिव शरीर वापस लाने के लिए आवश्यक सहयोग का आग्रह किया है.
