चतराः झारखंड में चतरा जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत भोज्या गांव में रविवार को तालाब में डूबने से एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई है.
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार खीरू यादव की पत्नी परवा देवी अपनी दो बेटियों गीता कुमारी (8 वर्ष) और मालती कुमारी (6 वर्ष) के साथ गांव के बड़का आहार तालाब पर कपड़े धोने गई थीं. इसी दौरान अचानक एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई.
बच्ची को बचाने के लिए मां परवा देवी और दूसरी बेटी भी तालाब में उतर गईं, लेकिन गहराई अधिक होने और फिसलन के कारण तीनों संतुलन खो बैठीं और डूब गईं.
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे. तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
इधर, सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है.
