रांचीः झारखंड में बोकारो जिले के जारीडीह थाना क्षेत्र के जैनामोड़ पोस्ट ऑफिस गली निवासी श्रुतिका बरनवाल उर्फ सुरभि की मौत दिल्ली के होटल में होने के बाद इलाके में मातम छा गया है.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उक्त छात्रा का शव गुरुवार को दिल्ली से जैना मोड़ पहुंचा. सुरभि, पोस्ट ऑफिस गली स्थित मारवाड़ी पंचायत भवन के समीप के रमेश कुमार बरनवाल की इकलौती बेटी थी.
पार्थिव शरीर के आवास पर पहुंचते ही पूरे परिवार और आसपास में मातम का माहौल छा गया. मृतका के माता-पिता, भाई और स्वजन दहाड़ मार कर रोने लगे.
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देते रहे. गुरुवार को ही सुरभि का अंतिम संस्कार कर दिया गया.
इंटरव्यू देने पहुंची थी दिल्ली
जानकारी के अनुसार, सुरभि कुमारी उक्त होटल मे इंटरव्यू के लिए पहुंची थी. फिलहाल वे मुंबई में एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रही थीं.
एक अन्य कंपनी के इंटरव्यू देने के लिए वह दिल्ली स्थित अपने दीदी के घर पर रुकी थी. बुधवार की सुबह वह इंटरव्यू के लिए मालवीय नगर उक्त होटल मे पहुंची थी. इसी दौरान हादसे में उनकी दुखद मौत हो गई.
21 लोगों की हुई मौत
गौरतलब है कि बुधवार सुबह मालवीय नगर में फ्लरिश बीएनबी (बेड एंड ब्रेकफ़ास्ट) के नाम से संचालित होटल में लगी आग में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है जिनमें से 11 विदेशी नागरिक हैं.
ये सभी अपने परिजनों का इलाज कराने के लिए दिल्ली आए थे.
बुधवार देर शाम दिल्ली पुलिस ने इस होटल के संचालक लवकेश बजाज को गिरफ़्तार कर लिया.
