दिल्ली पुलिस की टीम ने झारखंड की राजधानी रांची के कांके में छापेमारी की है. रांची पुलिस के सहयोग से यह छापा दिल्ली में वाहन चोरी गिरोह के पर्दाफाश को लेकर पड़ा है. छापेमारी में 2 थार और 4 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं, जबकि मुख्य आरोपी फरार है.
पुलिस की टीम ने वाहन चोर गिरोह के कथित मास्टरमाइंड समीर अंसारी के सुहाना सिटी स्थित आवास पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने चोरी के दो थार वाहन और चार मोटरसाइकिल बरामद की है. हालांकि, मुख्य आरोपी समीर अंसारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस ने उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
किराये पर वाहन लेकर फरार हो जाता था गिरोह
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े शातिर ट्रैवल एजेंसियों से चारपहिया वाहन किराये पर लेते थे और फिर उन्हें लेकर फरार हो जाते थे. पिछले आठ महीनों से गिरोह के सदस्य कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड और पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर वाहन किराये पर लेकर गायब हो रहे थे. इसके बाद वाहनों के नंबर प्लेट बदलकर उनका इस्तेमाल किया जाता था. बाद में चोरी के वाहनों को बेच दिया जाता था या कबाड़ में खपा दिया जाता था.
जीपीएस लगे वाहन से पुलिस ने बिछाया जाल
दिल्ली पुलिस ने गिरोह तक पहुंचने के लिए खास रणनीति बनायी. पुलिस ने जीपीएस से लैस एक वाहन को ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से किराये पर लगवाया. गिरोह के सदस्य कथित तौर पर उस वाहन को भी चोरी कर कांके स्थित समीर अंसारी के घर ले आये. जीपीएस के जरिये वाहन की लोकेशन का पता लगाते हुए दिल्ली पुलिस कांके पहुंची.
