बोकारोः झारखंड में बोकारो जिले के कसमार की रहने वाली और इंटरमीडिएट कला संकाय में स्टेट टॉपर छोटी नायक की आगे की पढ़ाई में आर्थिक तंगी बाधा नहीं बनेगी. फीस के पैसे नहीं भर पाने से उदास छोटी की खबर मिलने के बाद डुमरी से जेएलकेएम के विधायक जयराम कुमार महतो ने छोटी को अपने वेतन के पैसे से 16 हजार रुपए की आर्थिक मदद की है.
इसके साथ ही आगे की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने का भी भरोसा दिलाया है. छात्रा और उसके माता-पिता से मुलाकात के दौरान जयराम महतो ने उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि भविष्य में भी उच्च शिक्षा के लिए पैसों की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा.
विधायक जयराम महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें पता चला कि इंटरमीडिएट में टॉप करने वाली छोटी नायक की आगे की पढ़ाई आर्थिक तंगी के कारण नहीं हो पाएगी. उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से छोटी नायक के परिवार से संपर्क किया और उन्हें अपने पास बुलाया. अपने निजी वेतन से छोटी नायक की पूरे एक साल की फीस का भुगतान किया, ताकि उनकी आगे की पढ़ाई बिना किसी रुकावट के जारी रह सके. जयराम महतो के इस कदम की सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर पर काफी सराहना हो रही है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस मामले में संज्ञान लिया है. उन्होंने बोकारो के डीसी को छोटी की आर्थिक सहायता और पढ़ाई जारी रखने के लिए उचित कदम उठाने को कहा है.
