सरायकेलाः झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के नुवागोडा गांव में श्राद्ध कर्म के दौरान बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए. इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है.
मरने वालों में 9 साल की बच्ची रोशनी सुरीन और 32 साल के सोनू सरदार शामिल हैं. रोशनी सुरीन की मां की कुछ दिनों पहले मौत हो गई थी. उनका श्राद्ध कर्म में परिवार और समाज के लोग जुटे थे. सभी शोक में थे.
शाम करीब छह बजे बारिश के दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और लपक झपकते दो लोगों की मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना से गांव मे मातम पसरा है.
मां की मौत के गम से जूझ रहे सुरीन परिवार पर इस दोहरे हादसे से दुख का पहाड़ टूट पड़ा है.
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां पांच लोगों का इलाज जारी है.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
