रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JSSC CGL-2023) के सफल 1910 अभ्यर्थियों के बीच नियुक्त पत्र बांटते हुए नौकरियों के लिए तेजी से दरवाजे खोलने का भरोसा दिलाया है.
मंगलवार को रांची के मोराबादी मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र बांटे, जिसका युवाओं को लंबे समय से इंतजार था.
ध्यान रहे JSSC CGL- के तहत सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी, प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी,श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक-सह-कानूनगो, कनीय सचिवालय सहायक, प्लानिंग असिस्टेंट के पदों के लिए सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया है.
इनमें 543 एसटी, 486 अनुसचूचित जाति वर्ग के अभ्यर्थी हैं. जबकि 209 महिलाओं के अलावा 59 दिव्यांग और आदिम जनजाति के सात अभ्यर्थी भी सफल हुए हैं.
13 महीने 18 हजार नौकरियां
वर्ष 2024 में दूसरी बार सत्ता की बागडोर संभाले हेमंत सोरेन ने अपनी सरकार के 13 महीने पूरे कर लिए हैं. और इन तेरह महीनों में सरकार ने अलग-अलग सरकारी विभागों में लगभग 18 हजार नौकरियां देने में सफल रही है.
इससे पहले सरकार के एक साल पूरे होने पर 28 नवंबर 2025 को मोराबादी मैदान में ही आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने करीब 8 हजार 792 युवाओं के बीच सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र सौंपे थे.
इनमें झारखंड लोकसेवा आयोग की 11वीं से 13 वीं में सफल अभ्यर्थियों के अलावा लगभग 8 हजार सहायक आचार्य शामिल थे. हालांकि 26001 सहायक आचार्यों की नियुक्ति के लिए परीक्षा ली गई थी. उस दिन हेमंत सोरेन ने युवाओं को बताया था कि एक साल में सरकार ने 16 हजार नौकरियां दी है और 8 हज़ार लोगों को गैर सरकारी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया है.
जाहिर तौर पर अब JSSC CGL-2023 के लगभग दो हजार युवाओं को नौकरी देने के साथ यह संख्या 18 हजार तक हो गई है.

सीजीएल की परीक्षा की अड़चनों को लेकर भी हेमंत सोरेन ने समारोह में विरोधियों को निशाने पर लिये रखा. अपने भाषण में उन्होंने कहा कि विरोधी इस तरह के षड़यंत्र रचेंगे, उन्होंने सपने में नहीं सोचा था. वे चंदा इकट्ठा कर रहे थे. कोर्ट कचहरी के नाम पर. इसके साथ ही हेमंत सोरेन ने कह कि अगली बार परीक्षाओं को लेकर जो षड़यंत्र करेगा वो सीधा जेल जाएगा.
उत्साह और आत्मविश्वास से लबरेज
सफल अभ्यर्थियों को नियिक्ति पत्र सौपने के साथ ही हेमंत सोरेन सभी की हौसला आफजाई कर रहे थे. उनसे परिचय पूछते और शुभकामनाएं भी दे रहे थे. नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले कई अभ्यर्थियों ने भी मंच से अपने अनुभव साझा किए. सफल अभ्यर्थियों में कई निहायत साधारण घरों के युवा हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत, लगन और लंबे इंतजार के बाद नौकरी हासिल की है.
गौरतलब है कि झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा तीन दिसंबर को पारित आदेश के आलोक में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने पिछले आठ दिसंबर को झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा, 2023 (सीजीएल) का परिणाम जारी किया था. कोर्ट ने सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर सीबीआइ जांच की मांग वाली याचिका को निष्पादित करते हुए आयोग को शीघर परिणाम जारी करने का आदेश दिया था.
समारोह में सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, उद्योग मंत्री संजय यादव, जेएमएम की विधायक कल्पना सोरेन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
