जामताड़ा: जामताड़ा सदर अस्पताल में गुरुवार को एक गर्भवती की मौत की घटना के बाद अस्पताल में हंगामा और कथित तोड़फोड़ की घटना के खिलाफ शुक्रवार को डॉक्टरों ने काम बहिष्कार कर दिया. स्वास्थ्य कर्मचारियों ने भी डॉक्टरों के साथ काम नहीं किया. इससे चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित हुई. शुक्रवार को ओपीडी नहीं खुले. अस्पताल पहुंचे मरीजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद डॉक्टर काम पर लौटे. से मरीजों का इलाज भी शुरू हो गया है. इस बीच पुलिस में दो प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. इनमें जामताड़ा जिला बीजेपी के अध्यक्ष सुमित शरण समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है.
डॉक्टरों के कार्य बहिष्कार की सूचना के बाद जामताड़ा के एसपी शंभू सिंह सदर अस्पताल पहुंचे चिकित्सकों व कर्मियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी और अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी. आश्वासन मिलने के बाद चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी काम पर लौट आए तथा धरना समाप्त कर दिया गया.
दो मामले दर्ज
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि इस घटना को लेकर थाना में दो मामले दर्ज किए गए हैं. एक मामले में परिजनों व स्थानीय लोगों द्वारा अस्पताल में तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप है, जबकि दूसरे मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं पर डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार, तोड़फोड़ और कार्य बाधित करने का आरोप लगाया गया है.
महिला चिकित्सक सहित अस्पताल प्रशासन ने भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ अलग मामला दर्ज कराया है. थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने पुष्टि की कि कांड संख्या 100/26 और 101/26 के तहत दोनों मामले दर्ज कर जांच चल रही है.
क्या हुआ था गुरुवार को
गुरुवार को शहर के सरकारबांध निवासी गुरुवार को शहर के सरकारबांध निवासी और गर्भवती महिला रीना देवी को प्रसव के लिए सदर अस्पताल लाया गया था. डॉक्टरों ने उन्हें यहां से रेफर कर दिया. रास्ते में ही महिला और नवजात शिशु दोनों की मौत हो गई.
इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया, तोड़फोड़ की भी घटना हुई. गर्भवती महिला के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से एंबुलेंस मांगने पर नहीं दिया गया, जिसके कारण टोटो पर महिला को अस्पताल लाया गया.
महिला की मौत के बाद भाजपा के नेताओं, कार्यकर्ताओं ने भी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ धरना, प्रदर्शन किया.
