रांचीः झारखंड के अपर पुलिस महानिदेशक और रांची जोन के आईजी मनोज कौशिक ने मंगलवार को गुमला समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में रांची गुमला, खूंटी और लोहरदगा के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की विस्तार से चर्चा की.
इस बैठक में जिलों के एसपी और मुख्यालय डीएसपी शामिल हुए. इस बैठक में एडीजी ने महिला और बच्चों से जुड़े अपराध और हिंसा के अलावा पॉक्सो के मामलों में त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं.
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एडीजी मनोज कौशिक ने बताया कि अपराध, विधि-व्यवस्था तथा संगठित क्राइम से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई.
उन्होंने कहा कि चारों जिलों में पिछले तीन वर्षों के दौरान दर्ज मामलों की प्रगति रिपोर्ट और लंबित मामलों की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गई.
महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों पर
एडीजी ने बताया कि महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में तत्काल गिरफ्तारी कर कानूनी कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया गया है.
पर्यटन स्थलों की सुरक्षा पर
बैठक में चारों जिलों के अंतर्गत आने वाले पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. एडीजी ने कहा कि पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि पर्यटन स्थलों पर आने वाले लोग बिना किसी भय के भ्रमण कर सकें.
उन्होंने बताया कि समीक्षा के दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
