झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा है कि जेएमएम-कांग्रेस- राजद की सरकार में करप्शन का बोलबाला है. सत्तारूढ़ दलों ने चुनावों में जनता से जो वादे किए थे वे सभी झूठे साबित हो रहे. इन दलों ने भोले-भाले आदिवासियों को भी बरगलाया और छलने का काम किया. आदिवासी समाज अब इनके बहकावे में नहीं आने वाला.
रांची दौरे पर आ पटेल पार्टी ऑफिस में मीडिया से बात कर रहे थे. उन्होंने कहा कि दो दिनों में जो जानकारी मिली है उससे यही मालूम पड़ता है कि इस राज्य के गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े, महिला, किसान और युवा सभी सरकार से परेशान हैं.
खनिज संपदा की लूट मची है
उन्होंने कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है. बालू, कोयला, पत्थर, खनिज संपदाओं की लूट खसोट के साथ डीएमएफटी फंड की लूट जारी है. जल, जंगल और जमीन की खुलेआम लूट हो रही है. भाजपा ने सरकार की इस लूट खसोट का सड़क से सदन तक पुरजोर विरोध किया है. वर्तमान सरकार ने जनहित का कोई काम नहीं किया है।
परीक्षाओं में धांधली और भर्ती घोटाला
प्रदेश प्रभारी ने छात्रों द्वारा किए गए हालिया बड़े आंदोलन का जिक्र करते हुए राज्य सरकार को छात्रों एवं युवाओं के मुद्दे पर घेरा.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है. नौकरी भर्ती में खुलेआम पैसों का लेन देन हुआ. जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही, पीजीटी सहित कई परीक्षाएं विवादों में रहीं. पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी ने लाखों युवाओं के भविष्य को रौंदने का काम किया है. युवाओं ने सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया तो उनके साथ अत्याचार किया गया. उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा और छात्र सरकार की कार्यशैली से काफी नाराज हैं.
बांग्लादेशी घुसपैठिये
उन्होंने झारखंड में लंबे समय से जारी घुसपैठ के मामलों पर हेमंत सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार इसको रोकने की बजाय बढ़ावा देने में जुटी हुई है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर बार-बार सरकार को सचेत और अवगत कराया गया परंतु सरकार हमेशा इसे अनसुनी करती रही.
उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाया. कहा कि हत्या, लूट, अपहरण, गोलीबारी खुलेआम हो रही है. सरकार ने राज्य की कानून व्यवस्था को तहस-नहस करके छोड़ दिया है.
पटेल ने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करते हुए जनता और कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी. प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे.
