दुमका: जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम से स्पीड पोस्ट के माध्यम से आए धमकी भरे पत्रके बाद पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी क्रम में दुमका सिविल कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
यह धमकी दुमका और गोड्डा दोनों जिलों के लिए दी गई है. गुरुवार को दुमका एसपी खुद जांच के लिए कोर्ट पहुंचे.
एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने इस पूरे मामले में जानकारी देते हुए कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम स्पीड पोस्ट के माध्यम से एक पत्र आया है, जिसमें कोर्ट पर हमले की धमकी दी गई थी.
बांग्ला भाषा में लिखे इस पत्र में बकायदा चंचल राय के नाम से एक आधार कार्ड अटैच किया गया है, जिसमें उसका पता पश्चिम बंगाल का जिला पूर्वी बर्दमान लिखा हुआ है.
हालांकि, चिट्ठी के साथ मिले आधार कार्ड का सत्यापन कराया गया है. जांच में सामने आया कि जिस व्यक्ति के नाम का इस्तेमाल इस चिट्ठी में किया गया है, उसका इस कांड से कोई लेना-देना नहीं है. संबंधित व्यक्ति ने बताया कि उसके आधार कार्ड का दुरुपयोग किया गया है.
गौरतलब है कि पूर्व में रांची, धनबाद समेत कई सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मेल के जरिए दी जा चुकी है. पुलिस के लिए इन मामलों के तह में जाना और ठोस कार्रवाई चुनौती बनी हुई है.
