कोडरमाः कोडरमा पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए स्कॉर्ट सर्विस के नाम पर लोगों से पैसे की उगाही करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गांव में रहने वाले ये लड़के अधिकतर शहरी को ही अपने जाल में फांसते थे.
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को मिली गुप्त सूचना मिली थी कि बेकोबार निवासी अनिल पंडित मोबाइल नंबर 720943740 के जरिए कथित तौर पर कॉल गर्ल उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहा है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी शाखा की मदद से बेकोबार स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की.
पुलिस की दबिश के दौरान घर से भागने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों, अनिल पंडित और मंटू कुमार पंडित (निवासी कांको, जयनगर) को दबोचा गय़ा.
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे करते हुए बताया कि वे विभिन्न वेबसाइटों पर फर्जी आईडी बनाकर अपना नंबर डाल देते थे.जब कोई व्यक्ति संपर्क करता, तो वे लड़कियों की तस्वीरें भेजकर उन्हें झांसे में लेते और बुकिंग के नाम पर क्यूआर कोड के जरिए पैसे मंगवा लेते थे. बाद में वे इस रकम को आपस में बांट लेते थे।
जांच में पता चला है कि यह गिरोह न केवल कोडरमा, बल्कि कई अन्य शहरों में भी सक्रिय था. पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें कॉल गर्ल सर्विस से संबंधित चैट, युवतियों की तस्वीरें और ठगी के लिए इस्तेमाल किए गए क्यूआर कोड बरामद हुए हैं.
पुलिस ने इस मामले में बेकोबार गांव के सात अन्य संलिप्त लोगों की भी पहचान की है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
कोडरमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
