पटनाः सम्राट चौधरी ने राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है. और उन्हें सरकार बनाने का न्योता भी मिल गया है.
सम्राट की अगुवाई में भाजपा के नेतृत्व वाली पहली सरकार 15 अप्रैल यानी बुधवार को शपथ लेगी.
बिहार में सम्राट भाजपा के पहले मुख्यमंत्री होंगे और भाजपा के पास सत्ता की कमान पहली बार आएगी.
इससे पहले सम्राट चौधरी को केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया. इसके बाद एनडीए की बैठक में उनके नाम पर सहमति जतायी गई.
एनडीए की बैठक में निवर्तमान सीएम नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को माला पहनाकर उनके नाम का ऐलान किया.
सम्राट चौधरी ने भी नीतीश कुमार के पांव छूकर आशीर्वाद लिया. नीताश कुमार- सम्राट की यह जोड़ी नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा के साथ ही राजनीति के केंद्र में रही है.
सम्राट चौधरी के नाम का ऐलान होने के बाद चौधरी के समर्थकों में गजब का उत्साह नजर आया. पटना में पार्टी दफ्तर के बाहर बीजेपी के कार्यकर्ता, समर्थक पटाखे फोड़ते नजर आए.
तेजस्वी का तंज
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास अपना कोई वजूद नहीं बचा है. चाहे कोई भी मुख्यमंत्री बने, ये सब लोग अंततः लालू जी की ही पाठशाला (आरजेडी) से निकले हुए छात्र हैं. यह हमारे लिए गर्व की बात है कि बीजेपी को अब लालू जी की विचारधारा और उनके बनाए नेताओं के इर्द-गिर्द ही अपनी राजनीति करनी पड़ रही है.
