केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आयोजित एक रैली में राज्य की पार्टी शिवसेना की भी चर्चा की.
उन्होंने कहा कि अब शिवसेना में ‘कोई गुट नहीं बचा’ है, शिवसेना ‘एक ही हो गई’ है.
अमित शाह का बयान ऐसे वक़्त पर आया है, जब शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने की ख़बरें हैं. पार्टी के संसदीय दल की बैठक में ये छह सांसद नहीं पहुँचे थे.
शनिवार को कोल्हापुर में केंद्रीय गृह मंत्री अपने संबोधन के दौरान वहां मौजूद प्रमुख लोगों के नामों का ज़िक्र कर रहे थे.
तभी उन्होंने कहा, “मेरे साथ उपस्थित मेरे मित्र और महाराष्ट्र के लोकप्रिय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी, शिवसेना के अध्यक्ष और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जी… पहले शिंदे जी के पीछे शिवसेना शिंदे गुट कहना पड़ता था, अब कोई गुट बचा नहीं है. एक ही शिवसेना हो गई है.”
इस रैली में अमित शाह ने मोदी सरकार के 12 साल के कार्यों की विस्तार से चर्चा की.
अमित शाह के इस बयान का राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं. दरअसल शिवसेना यूबीटी के छह सांसदों ने पार्टी से दूरी बना ली है और उनके एकनाथ शिंदे में जाने की अटकलें हैं.
