जानी-मानी गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है.
शनिवार (11 अप्रैल) को दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था.
आशा भोसले फेफड़ों की बीमारी और उम्र संबंधी अन्य बीमारियों से जूझ रही थीं.
आशा भोसले का इलाज इमर्जेंसी मेडिकल सर्विसेज़ यूनिट में चल रहा था.
महाराष्ट्र के संस्कृति मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार (13 अप्रैल) को शाम 4 बजे शिवाजी पार्क श्मशान घाट में किया जाएगा.
सुरों की दुनिया
आशा भोसले ने 10,000 से ज़्यादा गाने रिकॉर्ड किए हैं.
उनका जन्म 8 सितंबर 1933 को हुा था. आशा भोसले ने 1943 में 10 साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था.
वह 90 साल की उम्र तक गाती रहीं. उन्होंने हंसराज बहल, ओपी नैय्यर, मदन मोहन, आरडी बर्मन, इलैयाराजा, अनु मलिक से लेकर एआर रहमान तक के साथ काम किया.
उन्होंने रफ़ी, मुकेश और किशोर से लेकर बॉय जॉर्ज और आदित्य नारायण तक के साथ गाया है. उन्हें 1995 में उस्ताद अली अकबर खां के साथ एल्बम के लिए ग्रैमी में नॉमिनेट किया जा चुका है.
आशा भोसले ने अपने लंबे करियर में न सिर्फ हजारों गाने गाए बल्कि लता मंगेशकर के साथ मिलकर भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया.
उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में गाने गाए और हर पीढ़ी के दिलों में जगह बनाई.
कला की साधक आशा भोसले की आवाज में जादू था. उनके निधन की खबर से संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। कई सेलिब्रिटीज, संगीतकार और फैंस उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ याद कर रहे हैं.
