प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को नई दिल्ली में वरिष्ठ पत्रकार और लेखक डॉ. हरीश चंद्र बर्नवाल की नई पुस्तक ‘मोदी कथा’ का लोकार्पण किया जाएगा.
प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक का विमोचन केंद्रीय कानून एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल करेंगे.
यह कार्यक्रम 17 सितंबर, गुरुवार को शाम 5 बजे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए), जनपथ स्थित समवेत सभागार में आयोजित होगा.
डॉ. हरीश चंद्र बर्नवाल की यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी पांचवीं पुस्तक है. लेखक के अनुसार, ‘मोदी कथा’ राजनीतिक समीक्षा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के मानवीय पक्ष को सामने लाने वाली दस वास्तविक घटनाओं का संकलन है.
इन कहानियों में पिछले 25 वर्षों के अनुभवों और व्यक्तिगत संस्मरणों के जरिए उनकी संवेदनशीलता, करुणा और आत्मीयता को प्रस्तुत किया गया है.
पुस्तक में शामिल घटनाओं में 1990 की एक रेल यात्रा का प्रसंग है, जिसमें युवा नरेंद्र मोदी के व्यवहार ने दो महिला यात्रियों की नेताओं के प्रति धारणा बदल दी.
एक अन्य कहानी नेपाल के जीत बहादुर की है, जिन्हें मोदी ने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में अपनाया और प्रधानमंत्री बनने के बाद भी नहीं भूले.
