रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखण्ड फ़िल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच बुधवार को एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए.
इस मौके पर हेमंत सोरेन ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड के होनहार और क्रिएटिव युवाओं के लिए राज्य सरकार ने एक बेहतर प्लेटफार्म तैयार किया है. इस प्लेटफार्म का विधिवत रूप से झारखंड सरकार का एक अंग “झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड’ और ‘सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता’ के सहयोग से स्थापित किया जा रहा है.
उन्होंने कहा, इस संदर्भ में आगे काम कैसे होना है, कैसे इस संस्था को और इस प्लेटफार्म को विस्तारित किया जाएगा, इसी के लिए राज्य सरकार सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता का सहयोग ले रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा, “झारखण्ड फ़िल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच एमओयू हस्ताक्षर होना एक नई यात्रा की शुरुआत है. एक ऐसी यात्रा जो झारखण्ड के प्रतिभावान फिल्मकारों और कलाकारों को नई तकनीक, विश्वस्तरीय सुविधाएं और एक नया राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी। यह एक अविस्मरणीय और ऐतिहासिक क्षण है.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में कई ऐसी प्रतिभाएं हैं जो आज भी अनछुई हैं. अभी हाल में ही एक संथाली मूवी ‘आंगेन’ को एक बहुत बड़ा अवार्ड मिला और वे फिल्मकार भी आज यहाँ मौजूद हैं. भविष्य में सिनेमा के क्षेत्र में ऐसे अवार्ड और भी आ सकते हैं, बशर्ते इन्हें थोड़ा तराशने की आवश्यकता होगी. झारखंड के परिप्रेक्ष्य में आज डॉ रामदयाल मुंडा जी की वह पंक्ति याद आती है, “जे नाची से बाची”.
क्या है उद्देश्य और कैसे मंच तैयार होगा
झारखंड फिल्म एंड टेलिविजन इंस्टीट्यूट (जेएफटीआई) का मुख्य उद्देश्य हमारे युवाओं, विशेषकर मास मीडिया और सिनेमा में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण और स्किलिंग प्रदान करना है.
जेएफटीआई के पूर्णतः क्रियाशील होने के प्रारंभिक चरण में शॉर्ट ड्यूरेशन कोर्सेज शुरू किए जाएंगे। इसके अंतर्गत साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट व स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे सिनेमा के सभी प्रमुख अंगों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने इन्हें किया सम्मानित
इस समारोह में तीन बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त बीजू टोप्पो ,झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के संथाल समुदाय से आने वाले श्री रविराज मुर्मू, जिन्हें उनकी शॉर्ट फिल्म ‘आंगेन’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार की घोषणा की गई है अनुज कुमार जिनकी बहुचर्चित फिल्म ‘बिलोंगिंग टू अनटचेबल गाॅड एवं दी टर्टल स्टोरी’ के लिए इन्हें ‘कैनेडियन लेबर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड’ से सम्मानित कुडुख फिल्म ‘एडपा काना’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजे गए निरंजन कुजूर को उत्कृष्ट, ईमानदार और शानदार कला-यात्रा के लिए सम्मानित किया गया.
इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, कुलपति, सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता श्री समीरन दत्ता, डीन SRFTI श्री सुकांते मजूमदार समेत कई अधिकारी और विश्वविद्यालयों के कुलपति मौजूद रहे.
