रांचीः जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड का पुलिस के द्वारा खुलासा करने और छह लोगों की गिरफ्तारी के बाद जमशेदपुर पश्चिम से जेडीयू विधायक सरयू राय ने फेसबुक लाइव के जरिए अपने चिर राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता का नाम उछालकर हलचल पैदा कर दी है.
लाइव के जरिए उन्होंने राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर कथित तौर पर जमशेदपुर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों और भू-माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया है.
उन्होंने चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव और बन्ना गुप्ता के बीच कथित नजदीकी संबंधों का दावा करते हुए, पुलिस द्वारा जब्त किए गए मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड्स व व्हाट्सएप चैट को अदालत में प्रदर्श बनाकर सार्वजनिक करने की मांग की है.
फेसबुक लाइव के जरिए लगाए आरोप
राय ने आरोप लगाया कि सिदगोड़ा, मानगो, कदमा और सोनारी क्षेत्रों में कीमती सरकारी व निजी जमीनों को हथियाने का काम यह गिरोह बेखौफ होकर अंजाम दे रहा है.
जेडीयू विधायक ने दावा किया कि निखार सबलोक हत्याकांड के मास्टरमाइंड अशोक राघव के जब्त मोबाइल फोन में बन्ना गुप्ता के साथ हुई बातचीत और सौदेबाजी के कथित ठोस प्रमाण मौजूद हैं.
राय के अनुसार, अशोक राघव ने बन्ना गुप्ता को एक भारी-भरकम सोने की चेन भेंट की थी, जिसकी पुष्टि कॉल रिकॉर्डिंग से हो सकती है.
इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि पुलिस प्रशासन इस मोबाइल सेट और चैट को तत्काल सार्वजनिक करे.
सरयू राय का दावा है कि श्रीलेदर्स के प्रोपराइटर शेखर डे के चेन्नई शोरूम में हुई दो करोड़ रुपये की वित्तीय हेराफेरी व रंगदारी मामले में भी इसी गिरोह का हाथ रहा है.
हालांकि सरयू राय के इन आरोपों पर फिलहाल बन्ना गुप्ता की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
सीएम को सौंपेगे ऑडियो टेप
राय ने कहा कि बन्ना गुप्ता के शह पर मानगो का नितेश मित्तल गिरोह सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर उनके खिलाफ दुष्प्रचार चला रहा है. लेकिन इन धमकियों या दुष्प्रचार से वे पीछे हटने वाले नहीं हैं. वे शीघ्र ही रांची जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और जमशेदपुर में जारी आपराधिक-राजनीतिक साठगांठ, सिदगोड़ा जमीन कब्जा कांड, धमकियों और प्रशासनिक ढिलाई से जुड़े सभी ऑडियो टेप सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे.
टाटा-रांची एनएच पर हुई थी हत्या
गौरतलब है कि टाटा-रांची एनएच पर चांडिल के टेंथ माइल स्टोन होटल के बाहर पिछले 24 अगस्त को निखार सबलोक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो शूटरों, सोनारी के कारोबारी अशोक सिंह राघव समेत कुल छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त दो देसी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फोन और भागने में इस्तेमाल की गयी लाल रंग की आई-10 कार जब्त की गयी है.
जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए बताया था कि जमीन और पुराने विवाद को लेकर निखार सबलोक की हत्या की गई थी.
