रांचीः निशा भगत कीमौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश बीजेपी की अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने आंदोलन की घोषणा की है. मोर्चा ने 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद का आह्वान किया है. इससे पहले 10 और 17 नवंबर को मशाल जुलूस तथा 11 नवंबर को आदिवासी महिलाओं की ओर से कैंडल मार्च निकाला जाएगा.
बीजेपी एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने पार्टी दफ्तर में एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि निशा भगत की मौत के मामले में 11 नवंबर को एसटी महिला मोर्चा के द्वारा न्याय मार्च निकाला जाएगा और इसके जरिए सभी मंडलों तक हम निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर उतरेंगे तथा जनता के बीच जाने का काम करेंगे.
चरणबद्ध आंदोलन
भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा है कि निशा भगत का मामला आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा है. मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा. 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस होगा.
जवाबदेही तय करने की मांग
पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है. मामले में लीपापोती और पक्षपात की आशंका खत्म करने के लिए सीबीआई जांच जरूरी है. वहीं, भाजपा प्रवक्ता आरती कुजूर ने आदिवासी महिलाओं, सामाजिक संगठनों और युवाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की.
