रांचीः आदिवासी नेता निशा भगत की मौत के मामले में डीएसपी अमर कुमांर पांडेय ने जांच शुरू कर दी है. इसके साथ ही निशा भगत के पिता हंदू भगत के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. इस मामले में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को आरोपी बनाया गया है. जबकि एफआईआर में एक व्यक्ति अज्ञात है.
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय सहिंता की धारा 108 और 61 (2) के तहत मामला दर्ज किया है.
भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 में आत्महत्या के लिए उकसाने या मजबूर (Incitement to suicide) करने के कार्य को अपराध के रुप में बताया गया है.
यह धारी कहती है कि यदि कोई व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति को आत्महत्या करने के लिए उकसाता है, मजबूर करता है, या निर्देश देता है, तो उस व्यक्ति को धारा 108 के तहत दंडित किया जा सकता है.
इस धारा के तहत अभियुक्त को दस साल तक की कैद और जुर्माना की सजा से दंडित किये जाने का प्रावधान है. जबकि जब दो या दो से अधिक व्यक्ति आपस में समझौता करके किसी अपराध या अवैध कार्य को करने के लिए कदम उठाते है तो ऐसे व्यक्ति को भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत कारावास व जुर्माने की सजा से दंडित किया जा सकता है.
पिता हंदू भगत के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज
निशा भगत की मौत के मामले में उनके पिता हंदू भगत ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
हंदू भगत ने अपने आवेदन में बेटी निशा भगत की मौत को सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हत्या बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि निशा भगत को लंबे समय से मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कथित तौर पर चरित्र हनन किया गया और झूठे आरोप लगाकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया गया.
आवेदन में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के अलावा जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों और अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच करने की मांग की गई है.
पिता ने आरोप लगाया है कि घर से बाहर आने-जाने के दौरान भी उनकी बेटी को परेशान किया जाता था. लगातार मिल रही कथित प्रताड़ना के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थीं.
NCW ने भी लिया है, पुलिस से रिपोर्ट मांगी
इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने निशा भगत के आत्महत्या के मामले में स्वंतः संज्ञान लिया है. आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, विस्तृत एवं समयबद्ध जांच के साथ निशा के फेसबुक लाइव, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण को सुनिश्चित करने को कहा है.
इसके साथ ही आयोग ने पुलिसकर्मियों की ओर से किसी भी प्रकार की लापरवाही या कर्तव्य में चूक पाए जाने पर जवाबदेही तय करने तथा दिवंगत के परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा है. आयोग ने कहा है कि इस मामले में पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा, पूर्व में दर्ज कराई गई शिकायतों पर जांच के बारे में जानकारी दी जाए. आयोग ने पुलिसकर्मियों की ओर से किसी भी प्रकार की लापरवाही या कर्तव्य में चूक पाए जाने पर जवाबदेही तय करने तथा दिवंगत के परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा है. आयोग ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) भी मांगी है.
गौरतलब है कि शुक्रवार को निशा भगत ने रांची में पिठौरिया थाना अंतगर्त डहू टोली स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. फांसी लगाने से पहले वह करीब 11 मिनट तक फेसबुक पर लाईव थीं. इसमें वे सिस्टम के साथ ही कई लोगों पर अलग-अलग आरोप लगाती सुनाई पड़ रही थीं. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था.
शुक्रवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उनके शव का रिस्म में पोस्टमार्टम किया गया. शनिवार को उनका अंतिम संस्कार गुमला जिले के पैतृक गांव उरू बारीडीह में किया गया.
