हजारीबागः हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में अफीम के तस्करों के साथ हुई पुलिस मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हो गया है. दो लोगों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया है,
पुलिस को सूचना मिली था कि हथिया बाबा मंदिर के आसपास कुछ संदिग्ध लोग हथियार के साथ मौजूद हैं और अफीम की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं.
सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी शुरू की.
पुलिस के पहुंचते ही मौके पर मौजूद लोग भागने लगे. पुलिस ने दो लोगों को मौके से पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल की ओर भागने लगा.
पुलिस का दावा है कि भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की गोली लगने से भाग रहा आरोपी घायल हो गया. उसके पेट में गोली लगी बताई जा रही है.
घायल आरोपी की पहचान अजय सिंह के रूप में हुई है. वह बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के चापी गांव का रहने वाला बताया गया है. घायल अवस्था में उसे बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने घटनास्थल से दो देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किए हैं.
इसके अलावा अफीम भी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है.
हालांकि, बरामद अफीम की कुल मात्रा के संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.
