रांचीः रांची नगर निगम ने मानकों के अनुपालन नहीं करने वाले कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए सर्कुलर रोड में हरिओम टावर स्थित पांच कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया है.
जिन कोचिंग संस्थानों को सील किया गया है, उनमें द पाठशाला, पतंजलि आईएएस एकेडमी, मोशन एकेडमी, क्लैट प्रिपरेशन एवं चैतन्या आईएएस एकेडमी शामिल हैं.
जांच के क्रम में इन कोचिंग संस्थानों में फायर एनओसी, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, वेंटिलेशन, प्रवेश-निकास व्यवस्था, निर्धारित क्षमता, पर्याप्त स्थान एवं ट्रेड लाइसेंस सहित विभिन्न अनिवार्य मानकों का उल्लंघन पाया गया है.
पूर्व में निगम के द्वारा इन उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अनुपालन नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई. निगम ने कुल 18 कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध सीलिंग की प्रक्रिया शुरू की है.
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा एवं वैधानिक मानकों की अनदेखी करने वाले किसी भी संस्थान के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
