रांचीः धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित गाली-गलौज, धमकी के मामले में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो की मांग झारखंड पुलिस एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने भी की है.
इससे पहले धनबाद शाखा ने विधायक से पहले माफी मांगने और फिर गिरफ्तारी की मांग कर चुकी है.
एसोसिएशन के रांची जिला शाखा अध्यक्ष आनंद राज खलखो ने आरोप लगाया कि 21 अगस्त की रात विधायक जयराम कुमार महतो ने अपने मोबाइल से बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सएप कॉल किया और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया. विधायक ने धमकी देते हुए कहा कि सरकार बदलने के बाद जिस थाने में रहोगे, वहां खोजकर तुम्हारी नौकरी बर्बाद कर दूंगा.
एसोसिएशन का कहना है कि 21 अगस्त की रात विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे. वहां भी थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया. आरोप है कि थाना कार्यालय में रखे सामान को तितर-बितर किया गया और थाना प्रभारी की नेम प्लेट भी तोड़ दी गयी.
घटना के संबंध में बरवाअड्डा थाना में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस एसोसिएशन ने इस पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए जनप्रतिनिधि के आचरण पर सवाल उठाया है.
.
