भारत की प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल शनिवार को झारखंड के देवघर पहुंचीं. यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध वैद्यनाथ धाम मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की.
उन्होंने पूरे श्रद्धा भाव से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और देश की सुख-समृद्धि तथा शांति के लिए प्रार्थना की.
पूजा के बाद साइना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भगवान की कृपा से ही उन्हें अपने खेल जीवन में सफलता मिली है. उन्होंने देश के उज्ज्वल भविष्य और सभी नागरिकों के बेहतर जीवन के लिए प्रार्थना की.
मंदिर प्रशासन की ओर से साइना नेहवाल का विशेष स्वागत किया गया. उनके लिए पूजा की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे उन्होंने बिना किसी व्यवधान के दर्शन और पूजा संपन्न की. इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
प्रशंसकों में दिखा खास उत्साह
साइना नेहवाल के देवघर आगमन को लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला. कई लोग मंदिर परिसर में उनकी एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे. इस दौरान उन्होंने अपने प्रशंसकों का अभिवादन भी स्वीकार किया.
