रांचीः झारखंड के अस्पतालों में 666 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति होगी. स्वास्थ्य विभाग की अनुशंसा पर कार्मिक विभाग ने नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के लिए अधियाचना झारखंड लोक सेवा आयोग को भेज दी है.
जिन पदों के लिए नियुक्ति होगी, उनमें 506 नियमित तथा 160 बैकलॉग के पद सम्मिलित हैं.
इन 666 मे सबसे अधिक 226 फिजिशियन की नियुक्ति होगी.
अब आयोग इन पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित करेगा. यह नियुक्ति झारखंड राज्य के गैर-शैक्षणिक विशेषज्ञ चिकित्सक (भर्ती, प्रोन्नति एवं सेवा शर्त) नियमावली, 2015 एवं इसके संशोधित प्रविधानों के अनुसार की जाएगी.
अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग के सचिव अजय कुमार ने कहा है कि इस नियुक्ति से सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर होगी.
जेपीएससी के माध्यम से होनेवाली नियुक्ति स्थायी होगी तथा नियुक्त चिकित्सकों को निर्धारित वेतनमान देय व अन्य सुविधाएं देय होंगी.
इसमें नियुक्त चिकित्सकों को एकमुश्त चार वेतन वृद्धि का लाभ देने का प्रविधान भी है. विशेषज्ञ चिकित्सकों को सरकारी सेवाओं में आकर्षित करने के लिए प्रविधान किया गया है.
हालांकि यह देखना बाकी होगा कि परीक्षा के बाद कितने पद भर पाते हैं. दरअसल, पूर्व में हुई नियुक्ति में बड़ी संख्या में पद रिक्त रह गए हैं. हाल के दिनों में स्वास्थ्य विभाग ने टेंडर के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को अनुबंध पर भरा है.
इसमें चिकित्सकों को उनकी मांग के अनुरूप तीन लाख रुपये तक मासिक वेतन और पदस्थापन की सुविधा प्रदान की गई थी.
