रांचीः झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के बीएलओ को बांध कर रखने वाले बयान को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने जामताड़ा के डीसी से रिपोर्ट तलब की है.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्थिति स्पष्ट करने को कहा है. जिस कार्यक्रम में मंत्री का ये बयान सामने आया था, उसमें जिले के उपायुक्त भी मौजूद थे.
इस बीच अपने बयान पर तूल पकड़ता देख मंत्री ने सफाई दी है. साथ ही यू टर्न लेने का प्रयास किया है.
उन्होंने सोशल मीडिया के एक्स पर एक पोस्ट किया है. इसमें उन्होंने कहा है, “जामताड़ा में साइबर अपराध लगातार बढ़ रहा है, और कुछ लोग फर्जी BLO बनकर वोटर सूची में नाम जोड़ने या काटने के नाम पर जनता को डराने–धमकाने की कोशिश कर रहे हैं. मैंने इसी मुद्दे को लेकर जनता को सचेत किया, लेकिन भाजपा ने मेरी सीधी-साधी चेतावनी को तोड़-मरोड़कर मुझे “नेशनल हीरो” बनाने का प्रयास किया—यह साबित करता है कि भाजपा अब असली और नकली की पहचान करने में पूरी तरह असमर्थ और नैतिक रूप से दिशा-हीन हो चुकी है.”
मंत्री ने आगे कहा है, “मैंने केवल इतना कहा था कि बीएलओ सरकार और चुनाव आयोग का अधिकृत अंग है, और एशआईआर प्रक्रिया के तहत नाम जोड़ने या काटने का नियम तय है—जनता उसमें सहयोग करे. जहाँ कहीं भी कोई गलत गतिविधि या फर्जीवाड़ा होगा, वहाँ कांग्रेस पार्टी पंचायत स्तर पर अधिकृत बीएलओ की मदद से गरीब और साधारण लोगों को पूरी सहायता देगी, और उनसे यदि कोई अतिरिक्त दस्तावेज माँगा जा रहा है तो उसे उपलब्ध कराने में भी हर संभव मदद करेगी.”
क्या कहा था मंत्री ने
गौरतलब है कि जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड की बोरवा पंचायत में रविवार को ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद मंत्री ने एसआईआर को लेकर बीजेपी और केंद्र सरकार पर हमला बोला था.
मंत्री ने कहा, “एसआईआऱ करने कोई पदाधिकारी, बीएलओ घर पर आए, तो उसे बांध कर रखें. “
इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर से बिहार में 65 लाख लोगों के नाम काट दिए गए. उनकी पहचान उनकी नागरिकता छीन ली गई और उन्हें घुसपैठिया बना दिया गया.
मंत्री ने कहा, “अब यब प्रक्रिया बंगाल में शुरू हो रही है. इसके बाद झारखंड में यही काम होगा. एसआईआर के बहाने भाजपा वाले पहले आपका नाम वोटर लिस्ट से काटेंगे, फिर आधार कार्ड और राशन कार्ड से. कुल मिलाकर आपका नागरिकता खत्म करने की साजिश चल रही है.”
उन्होंने केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि एसआईआर के बहाने भाजपा घुसपैठिये बता लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काटने का काम कर रही है. इसलिए जब भी एसआईआर के नाम पर बीएलओ उनके घर आएं तो उन्हें बांधकर रखें. हम आकर छुड़ाएंगे.
