रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा है कि बालू, कोयले के अवैध खनन और परिवहन को सख्ती से रोकें.
इसके लिए उन्होंने आधुनिक तकनीक के उपयोग, नियमित निरीक्षण, सघन निगरानी तथा विभाग, पुलिस एवं जिला प्रशासन के समन्वित अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया.
सीएम ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में खान एवं भू-तत्व तथा भवन निर्माण विभाग की अद्यतन कार्य प्रगति की उच्च स्तरीय समीक्षा की.
इस अवसर पर उन्होंने विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, परियोजनाओं तथा लंबित कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
बालू घाटों की नीलामी
मुख्यमंत्री ने अवैध खनन, विशेषकर बालू उठाव की रोकथाम के लिए आधुनिक एवं तकनीक आधारित उपाय अपनाने के निर्देश दिए. राज्य में कुल 820 बालू घाटों में से 376 (कैटेगरी-1) घाटों पर पंचायतों के माध्यम से उठाव जारी है, जबकि 444 (कैटेगरी-2) घाटों में से 300 का ऑक्शन किया जा चुका है.
मुख्यमंत्री ने नीलाम किए गए घाटों से शीघ्र बालू उठाव प्रारंभ कराने तथा शेष घाटों का शीघ्र आक्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही, मशीन से बालू उठाव पर रोक संबंधी आदेश की समीक्षा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने को कहा.
