रांचीः रांची दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा है कि केंद्र सरकार विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है.
शनिवार को रांची में आयोजित प्रबुद्ध नागरिक संवाद कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विकास, सुशासन और सुरक्षा के एजेंडे पर केंद्र सरकार आगे भी मजबूती से काम करती रहेगी.
झारखंड से जुड़ाव का जिक्र
झारखंड से अपने भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू सहित राज्य के महान जननायकों को नमन किया. उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड का गठन विकास की सोच के साथ किया था और भाजपा उसी संकल्प को आगे बढ़ा रही है.
उन्होंने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों, नई शिक्षा नीति, स्टार्टअप संस्कृति और मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं.
उन्होंने कहा कि हम सबसे बड़े युवावादी वाले देश हैं. 2 लाख से अधिक स्टार्टअप देश में चल रहे हैं। यहां के युवा रोजगार पाने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं. 125 से अधिक यूनिकॉर्न देश में कार्यरत हैं. यह देश के युवाओं के कौशल और उद्यमिता का प्रतीक है.
वहीं उन्होंने मुद्रा योजना के बारे में कहा कि इससे छोटे कारोबारी को काफी राहत मिली है. आज वे इसके माध्यम से व्यव्सायी बन रहे हैं और देश के विकास में योगदान दे रहे हैं.
कल्याणकारी योजना की चर्चा
नितिन नबीन ने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है. आयुष्मान भारत योजना से करोड़ों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है, जबकि जनधन योजना के माध्यम से महिलाओं के बैंक खाते खोलकर सरकारी लाभ सीधे उनके खातों तक पहुंचाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि सरकार तीन करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं. इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना को भी उन्होंने सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया.
महिला शक्ति के बारे में क्या कहा
महिला शक्ति को लेकर उन्होंने कहा कि एक महिला के आगे बढ़ने से दो परिवार आगे बढ़ती है. 3 करोड़ लखपति महिला दीदी बनाने में हम सफल हुए हैं. महिलाएं परिवार और राज्य को सबल बनाती है. भले ही नारीशक्ति अधिनियम अभी सफल नहीं हुआ. लेकिन हमारा संकल्प है कि इस देश की आधी आबादी को हम पूरा सम्मान देंगे और 33% आरक्षण का जो संकल्प हमने लिया है, आने वाले समय में हम इसे जरूर पूरा करेंगे.
जब इस देश में पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को अधिकार मिला, तो हमने देखा कि किस प्रकार महिलाओं ने पंचायती राज और नगर निकाय में अपने प्रतिनिधित्व को सशक्त रूप में लिया और उनकी भागीदारी से आज हम कह सकते हैं कि पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने में महिलाओं ने बहुत बड़ा योगदान दिया.

तकनीकी विकास और विश्व मंच
तकनीकी विकास पर बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “भारत तेजी से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है. केंद्र सरकार इस क्षेत्र में निवेश बढ़ाने और अनुकूल नीतियां बनाने पर विशेष जोर दे रही है, ताकि आने वाले वर्षों में भारत वैश्विक तकनीकी केंद्र के रूप में उभर सके. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है तथा विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार मजबूत हुई है.”
राम मंदिर, भ्रष्टाचार और नक्सवाद
अपने संबोधन में नीतिन ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राम मंदिर निर्माण, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और नक्सलवाद में कमी को प्रमुख उपलब्धियां बताई.
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से किए गए वादों को पूरा किया है और राम मंदिर निर्माण इसका बड़ा उदाहरण है. भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि तकनीक आधारित व्यवस्था के कारण सरकारी राशि सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही है.
वहीं, नक्सलवाद पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में झारखंड के 22 जिले नक्सल प्रभावित थे, लेकिन केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों से स्थिति में व्यापक सुधार हुआ है.
